Publish Date: | Sun, 03 Oct 2021 01:18 PM (IST)
Bhopal Crime News: भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। आए दिन घर में पड़ोसी के मकान से कचरा गिरने को लेकर हो रहे विवाद ने शनिवार शाम को तूल पकड़ लिया। घर गंदा होने से परेशान महिला ने पड़ोसी से विवाद के बाद गुस्से में खुद पर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली। स्वजनों ने गंभीर रूप से झुलसी महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान रविवार सुबह महिला ने दम तोड़ दिया। हालांकि हालत काफी नाजुक होने के कारण इस मामले में महिला के मरणासन्न बयान नहीं हो सके। घटना गांधी नगर थाना इलाके के शिवाजी वार्ड में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांधी नगर थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि चंदा पत्नी सेवकराम बाघवाने (50) शिवाजी वार्ड में परिवार के साथ रहती थी। सेवकराम दुकान संचालित करते हैं। सेवकराम के पड़ोस में रहने वाले राजू सिंधी के मकान में वर्तमान में निर्माण कार्य चल रहा है। काम के दौरान राजू के मकान से सीमेंट, गारा चंदा बाघमाने के घर पर गिरता था। जिसके चलते चंदा को दिन भर घर में सफाई करना पड़ती थी। इस बारे में उसने कई बार राजू से शिकायत की, तो वह अनसुनी कर देता था। शनिवार शाम को इस बात को लेकर चंदा का पड़ोसी राजू से एक बार फिर विवाद हो गया। गुस्से में चंदा ने खुद के ऊपर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली। परिवार के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया गया था। अस्पताल प्रबंधन से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लगभग 70 फीसद झुलसी चंदा की हालत गंभीर बनी रहने के कारण उसके मरणासन्न बयान नहीं हो सके थे। रविवार सुबह चंदा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
Posted By: Ravindra Soni

