Publish Date: | Mon, 04 Oct 2021 07:38 PM (IST)
Madhya Pradesh Politics: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। खंडवा लोकसभा सीट से उपचुनाव नहीं लड़ने की घोषणा करने वाले अरुण यादव के बहाने राज्य के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ पर निशाना साधा है।
पिछड़े वर्ग के नेताओं को अपमानित करना कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है, जहां तक @MPArunYadav जी के उपचुनाव लड़ने से इंकार की बात है तो इसकी पटकथा @OfficeOfKNath जी और उनके समर्थक बहुत पहले से ही लिख रहे थे। अगर आप किसी के जमीर पर हमला करोगे तो वह ‘अरुण यादव’ ही बनेगा। pic.twitter.com/7CJFcijhsd
— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) October 4, 2021
मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि कमल नाथ जी हमें तो रेस लगाने की चुनौती देते हैं और अपनी पार्टी में ढाई घर चलते हैं। किसी के भी जमीर पर यदि आप चोट करेंगे तो वह अरुण यादव बनेगा। अरुण यादव जी के इन्कार करने की पटकथा तो कमल नाथ समर्थक बहुत पहले से लिख रहे थे। जब वे बता रहे थे कि उनकी एक हजार एकड़ भूमि है, स्कूल चलाने में व्यस्त हैं। तभी अरुण यादव जी के इन्कार की पटकथा लिखी जा रही थी। उन्हें अध्यक्ष पद से हटाकर खुद अध्यक्ष बन गए। पिछड़ा वर्ग के साथ ऐसा करना सही नहीं है। कांग्रेस हताशा के दौर में है। कार्यकर्ता निराश हैं। अब जनता भी समझ गई है कि उपचुनाव का परिणाम क्या होगा।
प्रधानमंत्री जी की मंशा के अनुसार देसी श्वानों को कर रहे हैं प्रशिक्षित
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने 23वीं बटालियन भोपाल के डॉग स्क्वाड का निरीक्षण किया। यहां देसी नस्ल के श्वानों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी ली और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की मंशा के अनुसार यहां देसी श्वानों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। कई मायनों में देसी श्वान की प्रजाति जांच में अधिक प्रभावी होती है।
मालूम हो, मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने देसी नस्लों की खासियत बताते हुए इन्हें प्रशिक्षित करने की बात कही थी। इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस के डॉग स्क्वाड में देसी श्वानों को शामिल किया गया। इसी साल मार्च में छह ब्रीड के 20 श्वान (पपी) लाए गए थे। इन सभी को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

